रतलाम के सरकारी स्कूलों में टाट-पट्टी का दौर होगा समाप्त, एक आईएएस की पहल से बिना सरकारी बजट बदल रहा भविष्य

रतलाम जिले के सरकारी प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में अब टाट-पट्टी का दौर खत्म होने जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन के ‘ज्ञानोदय शाला उन्नयन अभियान’ के तहत जनसहयोग से डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सिवनी की ‘गिफ्ट ए डेस्क’ मुहिम से प्रेरित यह पहल शिक्षा के साथ जल संरक्षण को भी जोड़ रही है।

रतलाम के सरकारी स्कूलों में टाट-पट्टी का दौर होगा समाप्त, एक आईएएस की पहल से बिना सरकारी बजट बदल रहा भविष्य
gyanodaya-shala-unnayan-abhiyan-ratlam-desk-bench-campaign

रतलाम@newsmpg।  जिले के सभी सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में अब बच्चों को टाट-पट्टी पर बैठने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिला पंचायत के सीईओ आईएएस सुश्री वैशाली जैन ने संवेदनशीलता से एक अनोखा नवाचार शुरू किया है। इसका नाम दिया है  'ज्ञानोदय शाला उन्नयन अभियान'।

इस अभियान के तहत जनसहयोग से स्कूलों में डेस्क, टेबल और बेंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे बच्चों को सम्मानजनक पढ़ाई का वातावरण मिलेगा।

जिले के जावरा, बाजना, सैलाना, आलोट और रतलाम के सभी विकासखंडों में अब तक 5 स्कूलों में कुल 201 डेस्क दान पहुंच चुके हैं। इसके अलावा, करीब 400 डेस्क के लिए लोगों ने फॉर्म भर दिए हैं। खास बात यह है कि दानकर्ता खुद स्कूलों में डेस्क सीधे भेज रहे हैं, जिससे अभियान की गति तेज हो गई है।

नेक अभियान में  दे रहे योगदान

सरकारी स्कूलों में टाटपट्टी से मुक्ति के साथ ही सभी स्कूलों में जिला प्रशासन की ओर से  पेंटिंग, छत मरम्मत और रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। तहसील रतलाम में एक ग्रामीण ने एक सरकारी  स्कूल को गोद लेने की इच्छा जताई है, जबकि अनुविभागीय कार्यालय आलोट के कर्मचारियों ने 100 डेस्क दान करने का संकल्प लिया है। सभी अधिकारी अपनी क्षमता अनुसार इस नेक अभियान में योगदान दे रहे हैं।
सीईओ सुश्री वैशाली जैन ने कहा, बच्चों का भविष्य संवारना हमारा कर्तव्य है। यह अभियान जनभागीदारी से सफल हो रहा है और जल्द ही सभी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह पहल न केवल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता भी बढ़ाएगी।

सिवनी से प्रेरित अभियान

जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन ने कहा रतलाम में चलाया जा रहा ज्ञानोदय शाला उन्नयन अभियान सिवनी जिले से प्रेरित है। सिवनी में कलेक्टर संस्कृति जैन प्रायमरी स्कूल के बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई ना करनी पड़े इसके लिये ‘‘गिफ्ट ए डेस्क ’’ नाम से मुहिम चला रही हैं। मुहिम का असर ये हुआ है कि स्कूलों को अब तक 7000 डेस्क गिफ्ट में मिल चुकी हैं। सरकारी प्रायमरी स्कूलों की तस्वीर बदल रही है।  वो भी बिना सरकारी बजट के । इसी से प्रेरित होकर रतलाम में ये अभियान चलाया गया है । इसमें बेहतर शिक्षा के वातावरण के साथ जल सरंक्षण को भी जोड़ा गया है। जिसके तहत स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिग भी की जा रही है।