हॉट एक्सल देखते ही दौड़ पड़े पॉइंट्समैन अमित कुमार! लाल सिग्नल दिखा गुड्स ट्रेन रुकवाई और टल गई बड़ी रेल दुर्घटना; महाप्रबंधक पुरस्कार से रतलाम के 8 रेल कर्मी सम्मानित
पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने अगस्त और सितंबर 2026 के लिए उत्कृष्ट सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले 8 रेलकर्मियों को 'मैन ऑफ द मंथ' संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है। मुंबई मुख्यालय में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने यह सम्मान प्रदान किया। इसमें रतलाम मंडल के तीन कर्मचारी—अमित कुमार (पॉइंट्समैन), सुरेश भाई (ट्रैकमेंटेनर), और योगेश बारस्कर (वरिष्ठ सहायक लोको पायलट)—शामिल हैं, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित रेल दुर्घटनाओं और बड़ी तकनीकी क्षतियों को समय रहते टाल दिया।
रेलवे डेस्क@newsmpg | चलती ट्रेन में आग लगती देखते ही रतलाम रेल मंडल के एक कर्मचारी ने मदद का इंतज़ार करने के बजाय तुरंत सिग्नल देकर ट्रैन रुकवाई और फिर खराबी भी ढूंढ़ ली ऐसे ही आठ रेलकर्मियों को उनकी असाधारण सतर्कता, तेज नजर के लिए पश्चिम रेलवे के 'मैन ऑफ द मंथ' संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में अगस्त एवं सितंबर 2026 के लिए आठ रेलकर्मियों को महाप्रबंधक के 'मैन ऑफ द मंथ' संरक्षा पुरस्कार से
सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को उनकी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया, जिनके प्रयासों से संभावित अप्रिय घटनाओं को टालने तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
इन्हे मिला सम्मान
पुरस्कार प्राप्त करने वालों में मुंबई सेंट्रल मंडल के दो, रतलाम मंडल के तीन तथा वडोदरा, अहमदाबाद एवं राजकोट मंडलों के एक-एक कर्मचारी शामिल हैं। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा के अनुसार, रतलाम मंडल के तीन पुरस्कार विजेताओं में अमित कुमार, पॉइंट्समैन, अजंती (वर्तमान कार्यस्थल खंडवा बाईपास केबिन) ने दिनांक 1 अगस्त,2026 को गुड्स के 12वें वैगन में हॉट एक्सल
की पहचान कर तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचित किया तथा लाल सिग्नल दिखाकर ट्रेन रुकवाई। उनकी सतर्कता से संभावित दुर्घटना टल गई। इसी प्रकार, सुरेश भाई, ट्रैकमेंटेनर, पिपलोद ने दिनांक 29.सितम्बर,2026 को चांचेलाव- कंसुधी स्टेशन के बीच किलोमीटर 476/11-13 पर ओएचई तार पर टूटी
हुई केबल गिरने की सूचना तत्काल सुपरवाइजर को दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संभावित क्षति को रोका जा सका।
रतलाम मंडल के तीसरे पुरस्कार विजेता योगेश बारस्कर, वरिष्ठ सहायक लोको पायलट, उज्जैन ने दिनांक
25 सितम्बर 2026 को रतलाम स्टेशन पर लोको का निरीक्षण करते समय एक्सल बॉक्स नंबर 10 का तापमान असामान्य रूप से अधिक पाया। जांच में तापमान 62 डिग्री सेल्सियस मिलने पर लोको को रतलाम स्टेशन पर ही विफल घोषित किया गया। उनकी त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल सभी पुरस्कार विजेताओं की कर्तव्यनिष्ठा, व्यावसायिक दक्षता एवं संरक्षा के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता की सराहना करता है।