राजस्थान से भागकर रतलाम आए, होटल में 4 घंटे रुके, उप्र जाने का बोलकर प्रेमी ने स्टेशन के पास की हत्या, नाले में फेंका शव और खुद ट्रेन में बैठ निकल गया

राजस्थान के बांसवाड़ा से प्रेमी के साथ भागी कॉलेज छात्रा की रतलाम में दर्दनाक हत्या कर दी गई। आरोपी प्रेमी विकास यादव ने होटल में समय बिताने के बाद रेलवे स्टेशन के पास विवाद होने पर छात्रा का गला दबाकर हत्या कर दी और शव नाले में फेंककर यूपी भाग गया। राजस्थान और रतलाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

राजस्थान से भागकर रतलाम आए, होटल में 4 घंटे रुके, उप्र जाने का बोलकर प्रेमी ने स्टेशन के पास की हत्या, नाले में फेंका शव और खुद ट्रेन में बैठ निकल गया
ratlam-murder-news-lover-kills-banswara-student-near-railway-track

- पांच दिनों में पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, प्रेम का झांसा देकर सनसनीखेज हत्या  

Crime Desk।  पहले तो प्रेमी- प्रेमिका प्रेम में उमड़कर अपने-अपने घरों से भागकर रतलाम आए। यहां एक होटल में करीब 4 घटें रुके । यहां से युवक फिर से युवती को ऊप्र ले जाने की बात कहकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 4 तक लाया। मगर अंत में वहीं गला दबाकर उसे मारने के बाद शव को पास के नाले में फेंककर भाग निकला। कई दिनों बाद परिजनों की शिकायत पर युवती की तलाश में पुलिस ने जांच की तो हत्या का खुलासा हुआ। 
मामले का खुलासा तब हुआ, जब मंगलवार दोपहर राजस्थान पुलिस आरोपी प्रेमी विकास यादव को लेकर जीआरपी थाने पहुंची। पुलिस के अनुसार राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। वह 9 अक्टूबर 2026 को वह अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव में रहने वाले विकास यादव उम्र 20 पर युवती को भगाकर ले जाने का शक जताया। विकास मूल रूप से यूपी के प्रयागराज के पास का रहने वाला है। आरोपी और मृतका एक ही गांव के रहने वाले थे और आरोपी गांव में मावे की दुकान पर मिठाई बनाने का काम करता था। लेकिन युवती का परिवार बांसवाड़ा रहता है। संभवत: दोनों फोन पर जुड़े हुए थे।

नाले से मिले शव के चेहरे की हुई पहचान

गुमशुदा होने पर परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरु की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इस बीच 10 अक्टूबर की सुबह 11 से 12 बजे के बीच रतलाम जीआरपी को सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-4 से आगे बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त से लिए आसपास के सभी थानों में फोटो भेजा गया। बांसवाड़ा थाने में फोटो पंहुचते ही उसकी पहचान गुमशुदा युवती के रूप में की गई। इसके बाद मंगलवार सुबह युवती के परिजन रतलाम पहुंचे। इसके बाद दोपहर में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

यूपी से पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्यारा प्रेमी

इस बीच राजस्थान पुलिस ने सीसीटीवी और फोन की मदद से साथ भागे युवक की पड़ताल निकाली और उत्तर प्रदेश जागकर जहां वह छिपा था वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद रतलाम एसपी अमित कुमार को जानकारी दी गई कि रतलाम में हत्या होने से यहां जांच में मदद चाहिए। राजस्थान पुलिस मंगलवार को आरोपी प्रेमी को रतलाम जीआरपी थाने लेकर पहुंची। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, बांसवाड़ा के डीएसपी देवेंद्र सिंह, टीम और रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार घटनास्थल पर पहुंचे और यहां की जांच शुरु हुई। 

नाले से लेकर होटल तक तलाशी

टीम ने आसपास तलाशी ली तो युवती का कॉलेज बैग भी पास ही में पड़ा मिल गया। यह बैग शव मिलने की जगह से स्टेशन की ओर करीब 100 मीटर दूर पड़ा था। बैग में किताबें, कॉपियां और कॉलेज की यूनिफॉर्म मिली। राजस्थान पुलिस ने बैग को जब्त कर लिया है। बांसवाड़ी डीएसपी देवेंद्रसिंह के साथ एफएसएल अधिकारी डॉ  अतुल मित्तल के साथ आरोपी युवक विकास यादव को लेकर स्टेशन रोड के मनोहर गली स्थित होटल जय महाकाली मे पहुंची। रिसेप्शन पर रुकने के रजिस्टर देखे। युवक 9 अक्टूबर की शाम युवती को लेकर इस होटल के रुम नंबर 2 में रुका था। करीब 4 घंटे रुकने के बाद दोनों यहां से निकल गए थे। 

विवाद हुआ तो बना ली मारने की योजना

पुलिस के अनुसार शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती के साथ भागकर रतलाम आया। यहां करीब चार घंटे तक रुकने के बाद प्रयागराज ले जाने की बात कहकर स्टेशन की ओर ले गया। स्टेशन पर दोनों के बीच भागने के बाद रहने को लेकर विवाद हो गया। इसपर आरोपी ने गुस्से में युवती का गला दबाकर हत्या कर दी और शव वहीं नाले में धकेल दिया। इसके बाद वह अपने गांव चला गया। आरोपी परिवार में किसी की मौत के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने चला गया। लेकिन वहीं से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी के मुताबिक, जांच में यह बात भी सामने आई है कि होटल में आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालाक है और स्टेशन क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वह युवती को स्टेशन के बाहर से बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक की पटरी से सटकर ले गया। इस वजह से दोनों सीसीटीवी कैमरों में कैद नहीं हो सके।