रतलाम में 8.15 लाख की लूट का 10 दिन में खुलासा, ड्राइवर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; 6.21 लाख रुपये बरामद

रतलाम के महू-नीमच रोड पर हुई 8.15 लाख रुपये की लूट का थाना स्टेशन रोड पुलिस ने 10 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता ड्राइवर समेत इंदौर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 6.21 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की है।

रतलाम में 8.15 लाख की लूट का 10 दिन में खुलासा, ड्राइवर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; 6.21 लाख रुपये बरामद
Ratlam police

रतलाम। थाना स्टेशन रोड रतलाम पुलिस ने महू-नीमच रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने हुई लूट की वारदात का 10 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए फरियादी के ड्राइवर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी में से 6 लाख 21 हजार रुपये, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। ड्राईवर ने ही इसकी रूपरेखा बनाई थी। आरोपियों में से एक BE mechanical है। 

ऐसे हुई थी घटना 

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को फरियादी हर्षित पिता नरेन्द्र चंदाना सिंधी (34 वर्ष), निवासी 136/2 बेराटी कॉलोनी, दशमिस गुरुद्वारा के पास, थाना जूनी इंदौर, जिला इंदौर ने थाना स्टेशन रोड रतलाम उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी कन्फेक्शनरी मार्केटिंग (गोली, बिस्कुट, चॉकलेट) का काम रतलाम, नीमच, मंदसौर, जावरा, कुली, मनावर और अलीराजपुर क्षेत्र में करता है।

इंदौर से नीमच के लिए निकले थे

मार्केटिंग के रुपये का कलेक्शन करने के लिए वे स्वयं तथा ड्राइवर गजेन्द्र भिड़े अपने दोस्त की कार (MP09DJ9076) से इंदौर से रतलाम, मंदसौर और नीमच निकले थे। मंदसौर व नीमच से कलेक्शन के कुल 8,15,510 रुपये लेकर रतलाम होते हुए वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनके साथ छीना-झपटी कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड रतलाम में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत धारा 309(6) BNS में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम (थाना प्रभारी, स्टेशन रोड रतलाम) के नेतृत्व में सायबर सेल टीम, सीसीआर टीम और इंट्रीगेशन टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

 सीसीटीवी और PSTN डेटा जांच:

पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर 150 से 200 किलोमीटर दूर तक के 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। साथ ही सायबर सेल टीम ने घटनास्थल का PSTN डेटा प्राप्त कर उसका अवलोकन किया। सीसीटीवी फुटेज और PSTN डेटा के आधार पर लगातार पुलिस अधीक्षक को संदेहियों के संबंध में जानकारी दी गई।

 ड्राइवर पर संदेह व इशारों का खेल:

घटना के दौरान फरियादी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े से पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर घटना दिनांक से ही उस पर संदेह बना हुआ था। जांच में सामने आया कि ड्राइवर ने ही साथियों को इशारे कर वारदात को अंजाम दिलवाने में मदद की थी। ड्राइवर की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाने के लिए टीम के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया। पता चला कि गजानंद अक्सर अपने दोस्त चेतन मंडलोई (जो पेशे से मैकेनिक है) और राजकुमार रायकवार के साथ रहता है, उन्हीं के साथ खाना-पीना व शराब का नशा करता है, और दोनों संदेही अपने घरों पर चुपचाप आते-जाते हैं।

 सख्ती से पूछताछ व खुलासा:

सुराग मिलने की संभावना पर पुलिस टीम को राजेंद्र नगर, इंदौर भेजा गया और संदेही राजकुमार रायकवार व मैकेनिक चेतन मंडलोई को पकड़ा गया। दोनों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने फरियादी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े के साथ मिलकर प्लान बनाकर वारदात को अंजाम देना बताया। इसके बाद ड्राइवर गजानंद को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों संदेहियों से अलग-अलग पूछताछ में लूट की घटना करना स्वीकार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी और जब्त मशरुका

पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

 * चेतन पिता कमल मंडलोई (26 वर्ष, मैकेनिक), निवासी 1458, बी-सेक्टर, द्वारकापुरी, थाना द्वारकापुरी, जिला इंदौर (म.प्र.)

 * राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (जाति केवट, 37 वर्ष), निवासी म.न. 951, बीजलपुर इंदौरी मोहल्ला, थाना राजेन्द्र नगर, जिला इंदौर (म.प्र.)

 * गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33 वर्ष), निवासी ताप्ती परिसर, ब्लॉक नंबर-ए-42, फ्लैट नं. 307, रंगवासा राऊ, थाना राऊ, जिला इंदौर (म.प्र.)

आरोपियों से 6,21,000 रुपये नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन के दस्तावेज व डायरी तथा वारदात में प्रयुक्त लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (MP-09-AJ-8246) (कीमत करीब 1 लाख रुपये) जब्त की गई है।

टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन (थाना प्रभारी रिंगनोद), उप निरीक्षक दीपक यादव, उप निरीक्षक गुलाबसिंह, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, निलेश पाठक, दिलीप, मुकेश चौहान, मनमोहन शर्मा तथा आरक्षक रवि चन्देल, हेमन्त यादव, मोहन पाटीदार, रितेश यादव, दीपक वसुनिया, जीवन विश्वकर्मा, माखन सिंह, रोशन राठौर, नारायणसिंह और मयंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।