जावरा के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! 30 स्कूलों को मिलेंगे नए भवन, लैब और कंप्यूटर पैनल; 30 करोड़ से ज्यादा का बजट पास
जावरा विधानसभा के 30 सरकारी स्कूलों (13 हायर सेकंडरी और 17 हाईस्कूल) के भवन, लैब और आधुनिक सुविधाओं के लिए ₹30.12 करोड़ की राशि स्वीकृत। यहां देखें सभी 30 स्कूलों की पूरी सूची।
जावरा। विधानसभा क्षेत्र में सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लगातार प्रयासरत हैं। इन प्रयासों को अब बड़ी सफलता मिली है।
विगत वर्षों से भवनविहीन स्कूलों की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी सौगात है। विधानसभा क्षेत्र के 30 स्कूलों में भवन, अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर एवं कंप्यूटर पैनल सहित विभिन्न संसाधनों के लिए ₹30 करोड़ 12 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। इस स्वीकृति से सम्पूर्ण क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
कई सालों से कर रहे प्रयास
उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. पांडेय विगत कई वर्षों से भवनविहीन स्कूलों के भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए निरंतर प्रयास कर रहे थे। उन्होंने विधानसभा सत्रों में इस मांग को जोरदार ढंग से उठाने के अलावा मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर क्षेत्र की शैक्षणिक कठिनाइयों से अवगत कराया था। अब इन अथक प्रयासों में सफलता मिली है।
13 हायर सेकेंडरी, 17 हाई स्कूल
स्वीकृत राशि के अंतर्गत क्षेत्र के 13 हायर सेकंडरी स्कूल और 17 हाईस्कूल शामिल हैं। इन 30 स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर और कंप्यूटर पैनल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जिन हायर सेकंडरी स्कूलों को स्वीकृति मिली है, उनमें शामिल हैं:
ढोढर, पिपल्याजोधा, असावती, रिंगनोद, कमला नेहरू जावरा, बरखेड़ी, बालक कालूखेड़ा, सुखेड़ा, बडायला माताजी, कन्या पिपलौदा, रियावन, चिकलाना और हतनारा।
वहीं, हाईस्कूलों की सूची में शामिल हैं:
कांकरवा, मांडवी, बण्डवा, रोला, काटजू जावरा, रानीगांव, गोंदीधर्मसी, कन्या कालूखेड़ा, धामेड़ी, हसनपालिया, बिनोली, मामटखेड़ा, सेमलिया, नांदलेटा, बडायला चौरासी, उम्मेदपुरा और लाम्बाखोरा।
कठिनाइयों का होगा हल
इन स्वीकृतियों से जावरा विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही शैक्षणिक कठिनाइयों का स्थायी निराकरण हो सकेगा। शिक्षा जगत की इस बड़ी सौगात पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।