रतलाम में निवेश प्रस्ताव 15 हजार करोड़ के पार: अब 24.85 एकड़ में बनेगा घड़ी साबुन और डिटर्जेंट, मंत्री काश्यप का विजन साकार
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप के रतलाम को औद्योगिक हब बनाने के निरंतर प्रयासों के तहत देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी घड़ी डिटर्जेंट ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 341.70 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी को 24.858 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां साबुन, डिटर्जेंट और कॉस्मेटिक समेत सात श्रेणियों के उत्पाद बनेंगे। इस इकाई से करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा, जिससे रतलाम में कुल निवेश प्रस्ताव 15 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गए हैं।
Industrial Desk@newsmpg। रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब देश की जानी-मानी उपभोक्ता उत्पाद निर्माता कंपनी घड़ी डिटर्जेंट की भी एंट्री होने जा रही है। ऊर्जा, टेक्सटाइल, स्टील, पैकेजिंग और पेट उत्पादों से जुड़ी कंपनियों के बाद अब साबुन, डिटर्जेंट और कॉस्मेटिक उद्योग भी यहां स्थापित होंगे।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य काश्यप के रतलाम को औद्योगिक हब बनाने के निरंतर प्रयासों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। घड़ी डिटर्जेंट ने रतलाम में 341.70 करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। कंपनी को इसके लिए स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 24.858 एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है। प्रस्तावित फैक्टरी में करीब 500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
कंपनी यहां साबुन, डिटर्जेंट, कॉस्मेटिक और होम केयर उत्पादों का निर्माण करेगी। प्रस्तावित इकाई में टॉयलेट सोप, सोप नूडल्स, डिटर्जेंट पाउडर, डिटर्जेंट केक सहित सात उत्पाद श्रेणियों में उत्पादन की योजना है। खास बात यह है कि कंपनी साबुन और डिटर्जेंट निर्माण से जुड़ी अलग-अलग उत्पादन प्रक्रियाओं को एक ही परिसर में विकसित करेगी। इससे रतलाम की औद्योगिक टाउनशिप में उपभोक्ता उपयोग की वस्तुओं के निर्माण का नया क्षेत्र भी जुड़ जाएगा।
मंत्री काश्यप की पहल और प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल के चलते रतलाम में औद्योगिक गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। यहां अब तक विभिन्न कंपनियों की ओर से 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आ चुके हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से 14,835 रोजगार के अवसर प्रस्तावित हैं। घड़ी डिटर्जेंट के 500 रोजगार को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 15,335 हो जाएगा। बड़े औद्योगिक समूहों के साथ छोटे और मध्यम निवेशकों की बढ़ती रुचि भी रतलाम को बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक ही परिसर में साबुन से लेकर होम केयर उत्पादों तक का निर्माण
घड़ी डिटर्जेंट की प्रस्तावित फैक्टरी में सात प्रमुख उत्पाद श्रेणियों में निर्माण गतिविधियां संचालित होंगी। इनमें टॉयलेट सोप, सोप नूडल्स, कॉस्मेटिक एवं होम केयर उत्पाद, डिटर्जेंट पाउडर, डिटर्जेंट केक सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।
सोप नूडल्स साबुन निर्माण में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख आधारभूत कच्चा माल है। इसे आगे की उत्पादन प्रक्रिया से गुजारकर अलग-अलग प्रकार के साबुन तैयार किए जाते हैं। कंपनी की योजना साबुन और डिटर्जेंट निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को एक ही औद्योगिक परिसर में विकसित करने की है।
इससे कच्चे माल के प्रसंस्करण से लेकर तैयार उत्पादों के निर्माण तक की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। वहीं कॉस्मेटिक और होम केयर उत्पादों का निर्माण होने से कंपनी को उपभोक्ता बाजार की अलग-अलग श्रेणियों में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
341.70 करोड़ का निवेश, 24.858 एकड़ में विकसित होगी इकाई
एमपीआईडीसी को दिए गए प्रस्ताव के अनुसार घड़ी डिटर्जेंट इस परियोजना पर 341.70 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके लिए कंपनी ने रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 24.858 एकड़ औद्योगिक जमीन की मांग की थी, जिसे आवंटित कर दिया गया है। इकाई स्थापित होने पर लगभग 500 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव है।
कंपनी की ओर से साबुन, डिटर्जेंट और होम केयर उत्पादों के निर्माण के लिए आधुनिक औद्योगिक ढांचा विकसित किया जाएगा। परियोजना शुरू होने से क्षेत्र में विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही कच्चे माल की आपूर्ति, परिवहन, पैकेजिंग और तैयार उत्पादों के वितरण से जुड़े कारोबार को भी अवसर मिल सकते हैं।
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब तक 22 कंपनियों को औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है।
इनमें सबसे बड़ा निवेश एसआरएफ लिमिटेड का है। कंपनी को 200 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यहां करीब 7,000 करोड़ रुपये का निवेश और 2,000 रोजगार प्रस्तावित हैं।
इसी तरह फुजियामा पावर सिस्टम लिमिटेड को 75 एकड़ जमीन दी गई है। कंपनी की ओर से 650 करोड़ रुपये का निवेश और 1,500 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव है। भीलवाड़ा एनर्जी लिमिटेड को 64 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये का निवेश और 1,200 रोजगार प्रस्तावित हैं।
आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड को 40 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी यहां 400 करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी, जिसमें 2,000 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव है। वहीं हेक्साट्रॉन को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी ने 1,050 करोड़ रुपये के निवेश और 1,200 रोजगार का प्रस्ताव दिया है।
एलएनजे ग्रीन पेट लगाएगी 1325 करोड़, आरएसडब्ल्यूएम करेगी 500 करोड़ अतिरिक्त निवेश
रतलाम में निवेश करने वाली प्रमुख कंपनियों में एलएनजे ग्रीन पेट प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। कंपनी ने 1,325 करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए 43.564 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। परियोजना के माध्यम से करीब 510 लोगों को रोजगार मिलने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड ने अपने मौजूदा निवेश के अतिरिक्त 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। कंपनी को इसके लिए 48.383 एकड़ अतिरिक्त जमीन आवंटित की गई है। इस परियोजना में 2,500 रोजगार प्रस्तावित हैं।
जयो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को 126 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 18 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इससे करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं प्योरा इंडिया ने 55 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 2.27 एकड़ और मैजिक बॉक्स पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने 32 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 6.22 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।
छोटे और मध्यम निवेशक भी दिखा रहे रुचि
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप की विशेष रुचि के चलते रतलाम की औद्योगिक टाउनशिप में केवल बड़े औद्योगिक समूह ही नहीं, बल्कि छोटे और मध्यम स्तर की कंपनियां भी निवेश के प्रस्ताव दे रही हैं। अग्या स्टील एंड एलॉय प्राइवेट लिमिटेड ने 16 करोड़ रुपये, किस्सा क्रिएशन ने 7.50 करोड़ रुपये और रतलाम एंटरप्राइजेज ने 7.50 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
इसी तरह पॉयल हॉस्पिटैलिटी ने 35 करोड़ रुपये, सेंडलवुड एंटरप्राइजेज ने 1.40 करोड़ रुपये और आकाश जैन ने 2.50 करोड़ रुपये के निवेश की योजना प्रस्तुत की है। मनीष मस्कोला की ओर से भी 1.05 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है। इन निवेशकों ने अपनी परियोजनाओं के अनुरूप औद्योगिक गतिविधियां शुरू करने के लिए जमीन की मांग की है।
ऊर्जा से लेकर उपभोक्ता उत्पादों तक फैलेगा औद्योगिक दायरा
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में निवेश प्रस्तावों की सबसे बड़ी विशेषता उद्योगों की विविधता है। यहां ऊर्जा, टेक्सटाइल, स्टील, पैकेजिंग, पेट उत्पाद, साबुन, डिटर्जेंट, कॉस्मेटिक और होम केयर उत्पादों से जुड़ी कंपनियां निवेश में रुचि दिखा रही हैं। इससे रतलाम में अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं।
इन परियोजनाओं के स्थापित होने से केवल कारखानों में प्रत्यक्ष रोजगार ही नहीं बढ़ेगा, बल्कि परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग, मशीनों के रखरखाव और कच्चे माल की आपूर्ति से जुड़े सहायक उद्योगों को भी काम मिलेगा। स्थानीय छोटे उद्यमियों, ठेकेदारों और सेवा क्षेत्र के कारोबारियों के लिए भी नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
बड़े औद्योगिक समूहों का आना रतलाम के बेहतर भविष्य का संकेत
जानकारी देते हुए एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ ने बताया कि जमीन का आवंटन कर दिया गया है। यहां घड़ी का साबुन बनेगा, लोगों को रोजगार मिलेगा, बड़े ग्रुप का आना स्पष्ट करता है रतलाम का भविष्य बहुत बेहतर है। वहीं, एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप के विजन और निरंतर प्रयासों से निवेशकों का रतलाम के प्रति बढ़ता भरोसा आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति देगा।