रतलाम में खौफनाक वारदात: महिला की चीख सुन दौड़े पड़ोसी फटी रह गयी आँखे! बच्चों के सामने पति ने पत्नी का गला रेतकर की हत्या !
रतलाम के सुनारों की बावड़ी इलाके में रविवार दोपहर मोबाइल व्यवसायी ने कथित रूप से अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। महिला की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को हमला करते देखा। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। घटना के समय दंपती के दो मासूम बच्चे भी घर में मौजूद थे।
रतलाम। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र स्थित सुनारों की बावड़ी इलाके में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मोबाइल व्यवसायी असगर अली ने कथित रूप से अपनी पत्नी रुकैया की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े, लेकिन जो दृश्य उन्होंने देखा, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 33 वर्षीय रुकैया, पत्नी असगर अली के रूप में हुई है। घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वारदात के समय दंपती की 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद थे। हालांकि घटना के दौरान दोनों बच्चे किस कमरे में थे, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
महिला की चीख सुनकर घर पहुंचे पड़ोसी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी शांतिलाल राठौर ने बताया कि महिला की तेज चीखें सुनकर वे आसपास के दो-तीन लोगों के साथ घर के अंदर पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद भयावह था। आरोपी असगर अपनी पत्नी के सीने पर बैठा हुआ था और उसके गले पर लगातार चाकू से वार कर रहा था। महिला के गले से तेजी से खून बह रहा था।
उन्होंने बताया कि जैसे ही आरोपी की नजर उन पर पड़ी, उसने उनकी ओर भी चिल्लाना शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए सभी लोग बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
माता-पिता घर पर नहीं थे
पड़ोसी सुशील राठौर ने बताया कि घटना के समय आरोपी के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। वे बाहर गए हुए थे। मकान में केवल पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चे ही थे। मकान के नीचे आरोपी के पिता की हार्डवेयर की दुकान संचालित होती है।
बेटी ने दादा को बताई पूरी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार वारदात के बाद घर के अंदर मौजूद सात वर्षीय बच्ची नीचे आई और अपने दादा को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को बुलाया गया।
शव के पास ही बैठा मिला आरोपी
माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी घर के अंदर अपनी पत्नी के शव के पास ही मौजूद था। उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शुरुआती जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।