गर्मी सड़क पर लोटते हुए पंहुचे किसान नेता, तो किसानों की समस्याएं सुनने कलेक्ट्रेट पहुंची बिल्ली! video viral

रतलाम कलेक्ट्रेट में किसान कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। किसान नेता गर्म सड़क पर लोटते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जबकि प्रशासन पर आरोप लगाते हुए किसानों ने बिल्ली को अपनी समस्याएं सुनाईं। प्रदर्शन के दौरान फसल उपार्जन, खाद वितरण, मंडी विवाद और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए गए।

गर्मी सड़क पर लोटते हुए पंहुचे किसान नेता, तो किसानों की समस्याएं सुनने कलेक्ट्रेट पहुंची बिल्ली! video viral
kisan-congress-unique-protest-ratlam-collectorate-billi-pradarshan


- किसान कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

रतलाम @newsmpg। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को जिला किसान कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। लेकिन ज्ञापन देने के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने पूरे घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया। 
किसानों ने कलेक्टर से मिलने की मांग रखी लेकिन वो पूरी नहीं हुई। इसके बाद किसानों ने अपने साथ ही लाई गई एक बिल्ली को आगे लाकर बैठा दिया और उसे अपनी समस्सा सुनाई। किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन भी किया। इसके पहले ज्ञापन देने आते वक्त चिलचिलाती गर्मी में किसान नेता करमदी के राजेश पुरोहित लोटते हुए पंहुचे। 

नारेबाजी के साथ पंहुचे किसान

जिला किसान कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत , किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा के नेतृत्व में जिले किसान और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकतार्ओं ने जय किसान-जय जवान के नारों के साथ प्रदर्शन किया और किसानों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

किसानों को फसल बेचने में दिक्कतें

किसान कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में किसानों की कई समस्याएं उठाई गईं। ज्ञापन के अनुसार, गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को फसल बेचने में दिक्कतें आ रही हैं, जिनके निराकरण की मांग की गई। साथ ही बिरमावल और रिंगनोद की बंद पड़ी उपमंडियों को दोबारा शुरू करने, खाद वितरण की ई-टोकन प्रणाली में सुधार, कृषि मंडी में हो रहे विवादों पर नियंत्रण और किसानों की फार्म आईडी संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी गई।

नीट और बच्चों की समस्या

दिलचस्प बात यह रही कि ज्ञापन में किसानों के मुद्दों के साथ नीट पेपर लीक मामले की उइक जांच की मांग भी शामिल की गई। इसके अलावा किसान नेता अशोक जाट पर हुई कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष बताते हुए उसे वापस लेने की मांग भी उठाई गई।

प्रशासन की हालत भीगी बिल्ली जैसी

किसान नेताओं का आरोप है कि ज्ञापन के दौरान एडीएम शालिनी श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं, लेकिन किसानों की बात विस्तार से सुनने के बजाय सिर्फ ज्ञापन लेकर चली गईं। इससे नाराज किसानों ने वहीं अपने साथ लाई बिल्ली के सामने अपनी समस्याएं रखनी शुरू कर दीं। किसान नेता राजेश भरावा ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा, प्रशासन की हालत भीगी बिल्ली जैसी हो गई है, जो सत्ता के इशारों पर नाचती है और किसानों की समस्याओं से दुबक जाती है। 

भट्टी जैसी सड़क पर लोटन यात्रा

किसान नेता राजेश पुरोहित ने सबसे अनूठा प्रदर्शन किया। वे ज्ञापन देने आते वक्त गर्म सड़क पर लेटकर लोटते हुए आए। इस दौरान हाथ जोड़कर प्रशासन से किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने की गुहार लगाते रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों का यह अनोखा प्रदर्शन दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। ज्ञापन के जरिए किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान किसान नेता डीपी धाकड़,पूर्व मंडी अध्यक्ष श्रीराम चौधरी ,मंगल पाटीदार , जगदीश पाटीदार, दिनेश शर्मा, किशन सिंगाड़ , सविता भाभर , अभिषेक शर्मा, राजेश पुरोहित , मोहित जाट, सहित किसान नेता और किसान उपस्थित थे।