राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

कोटा मंडल के आलोट के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के B-1 कोच में आग लग गई। 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। घटना से दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित रहा।

राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, बड़ा हादसा टला
राजधानी एक्सप्रेस में आग

तिरुवनंतपुरम-निजामुद्दीन राजधानी के B-1 कोच में लगी आग, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

कोटा मंडल के आलोट के पास सुबह 5 बजे हुई घटना, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

रतलाम/आलोट। Indian Railways की प्रतिष्ठित ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में रविवार तड़के भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 5:15 से 5:20 बजे के बीच कोटा रेल मंडल के लूणीरिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के मध्य हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बी-1 कोच में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादस

रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन के गार्ड ने सबसे पहले धुआं और आग की सूचना इंजन चालक को दी। इसके बाद तत्काल ट्रेन को रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया

आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित डिब्बे को ट्रेन से काटकर अलग कर दिया। मौके पर फायर ब्रिगेड और रेलवे की राहत टीमों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। रेलवे की मेडिकल टीम, ART/ARME और टावर वैगन भी रतलाम से घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

DRM मौके के लिए रवाना, कई ट्रेनें प्रभावित

घटना की गंभीरता को देखते हुए DRM रतलाम स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की वजह से दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यात्रियों में दहशत, पानी तक की हुई परेशानी

घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में काफी दहशत का माहौल रहा। कुछ यात्रियों ने पीने के पानी और जरूरी सुविधाओं की कमी की भी शिकायत की। रेलवे प्रशासन द्वारा राहत एवं सहायता कार्य लगातार जारी रखने की बात कही गई है।