डॉक्टर सहित सरकारी कर्मी और साथी पोल्ट्री फार्म पर बना रहे थे एमडी ड्रग - बड़ी कार्रवाई की इनसाइड स्टोरी
रतलाम पुलिस ने जावरा तहसील के बोरखेड़ा गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने करीब 200 ग्राम तैयार एमडी, 140 किलो से अधिक केमिकल सहित भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए और मुख्य आरोपी जमशेद उर्फ "डॉक्टर" सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह नेटवर्क राजस्थान बॉर्डर से जुड़े बड़े ड्रग रैकेट से जुड़ा बताया जा रहा है।
-
रतलाम पुलिस ने फिर की बड़ी कार्रवाई, बोरखेड़ा में फैक्ट्री सीज
-
140 किलो एमडीसी केमिकल सहित बनी हुई एमडी और कई ड्रग भी बरामद
रतलाम/जावरा@newsmpg। रतलाम पुलिस ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई करवाते हुए ड्रग माफियाओं पर बड़ा शिकंजा कसा है। इस बार पुलिस ने जावरा तहसील के राजस्थान के समीप स्थित गांव बोरखेड़ा से एमडी ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री को सीज किया है। पोल्ट्री फार्म में चल रही फैक्ट्री के पीछे का मास्टरमाइंड और ड्रग की दुनिया में डॉक्टर कहलाने वाले जमशेद लाला सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार दोपहर एसपी अमित कुमार ने पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोरखेड़ा से पकड़ी गई फैक्ट्री पर कार्रवाई में करीब 200 ग्राम तैयार एमडी ड्रग बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए है। इसके साथ ही एमडी बनाने के लिए केमिकल 2ब्रोमो4मिथाइलप्रोपिओफेनोन 900 ग्राम, 140.48 किलोग्राम एमडीसी केमिकल, 35.600 किलोग्राम एचसीएल बरामद किया गया है। फैक्ट्री से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, भट्टी, ड्रायर मशीन, छाछ बनाने की मशीन, स्टील की थालियां, मल्टीपल स्विच बोर्ड, प्लास्टिक केन, प्रोसेसिंग उपकरण, मोबाइल फोन आदि भी जप्त किए गए हैं।
आरक्षक की विशेष मेहनत, घात लगा मिली सफलता
एसपी कुमार ने बताया कि रतलाम और विशेषकर राजस्थान से जुड़ी बार्डर इलाके में लंबे वक्त से पुलिस की सर्चिंग चल रही है। सूत्रों से जानकारी मिलने पर एसपी के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन, एसडीओपी संदीप मालवीय के नेतृत्व में सायबर, थाना पिपलौदा, थाना जावरा, थाना आईए जावरा, की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने पूरे इलाके का बाइक और पैदल निरीक्षण किया और केमिकल डिस्चार्ज, गंधी आदि सुरागों का पीछा करते हुए पोल्ट्री फार्म पर दबिश देकर कार्रवाई को अन्जाम दिया। यहां 4 लोग केमिकल्स से ड्रग बनाते हुए दिखे जिन्हें घेराबंदी करके गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि मामले में आरक्षक बालकृष्ण का कार्य बेहद सफलता पूर्ण रहा। इनके लिए डीजीपी को पत्र भी लिखा जाएगा।
रतलाम में इसी साल यहां भी पकड़ाई थी ड्रग फैक्ट्री, पढ़े पूरी खबर- https://newsmpg.com/ratlam-chikalana-md-drug-factory-dilawar-khan-dig-inquiry
देश के बडे ड्रग नेटवर्क की कड़ी है डॉक्टर
एसपी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी जमशेद खान उर्फ सेठ पिता अफजल खान उम्र 42 साल, निवासी देवलदी अरनोद, प्रतापगढ़ राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है। यह डॉक्टर के नाम से ड्रग की दुनिया में मशहूर माफिया है जिसे एमडी बनाने की पूरी प्रक्रिया आती थी। इस वजह से इसके कनेक्शन कई बड़े ड्रग नेटवर्क से रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पिछले 6-7 सालों में ये अब तक 250 किलोग्राम एमडी बनाकर बेच चुका है। इसी आरोपी ने चिकलाना ड्रग फैक्ट्री में पकड़ाए याकूब को भी ड्रग बनाने की प्रक्रिया सिखाई थी। आरोपी पर 4 नारकोटिक्स प्रकरण चल रहे हैं जिनमें से एक में फरार है।
सरकारी चौकीदार सहित ये भी गिरफ्त में
एसपी ने बताया कि पोल्ट्री फार्म फैक्ट्री संचालन में सरकारी चौकीदार (कोटवार) युसूफ पिता शमशेर खान उम्र 45 निवासी बोरखेड़ा, पोल्ट्री फार्म के मालिक सलीम उर्फ राजू पिता अहमद खान उम्र 40 निवासी बन्नाखेड़ा जावरा, रईस खान पिता असलम खान, 35 निवासी राकोदा पिपलौदा को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ शुरु की गई है जिसके आधार पर अन्य आरोपी भी गिरफ्त में आ सकते हैं। एसपी के अनुसार इससे पूछताछ में केमिकल सप्लाई करने और ड्रग की खरीदी और सप्लाई करने वाले आरोपियों को नाम भी उजागर हो सकते हैं।
रतलाम-राजस्थान बार्डर और ड्रग का नेकसस
एसपी कुमार ने बताया कि इसके पहले इसी क्षेत्र के गांव चिकलाना में16 जनवरी को पकड़ी गई एमडी ड्रग फैक्ट्री पर कार्रवाई हुई थी। रतलाम-राजस्थान बार्डर और मंदसौर और नीमच से जुड़ा क्षेत्र नारकोटिक्स को लेकर संवेदनशील है। सूत्रों से यह जानकारी भी मिली है कि करीब 3 दिन पहले ही बोरखेड़ा से 3 किलो एमडी राजस्थान में सप्लाई की गई थी। 8 लेन और रेलवे की कनेक्टिविटी होने के कारण इन पर भी नजर रखी जाएगी। एसपी ने बताया कि एमडी का एक बैच तैयार करने के लिए करीब 24 - 36 दिन लगते हैं। आरोपियों के तार कई प्रदेशों तक फैले हैं। ऐसे में देश की अन्य एजेंसियां भी इन आरोपियों से पूछताछ करेंगी।