“खेलने की उम्र में मौत से जंग लड़ रही अनिका आज रतलाम पहुंचेगी, 9 करोड़ का इंजेक्शन ही बचा सकता है जान”
तीन साल की अनिका SMA जैसी दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है। 9 करोड़ के इंजेक्शन से ही उसकी जान बच सकती है। आज रतलाम में मदद के लिए जनअभियान शुरू होगा।
रतलाम@newsmpg | तीन साल की नन्ही अनिका शर्मा जो ऐसी बीमारी से जूझ रही है, जिसमें बच्चे की मांसपेशियां धीरे-धीरे जवाब दे देती हैं। इस अंधेरे में भी एक उम्मीद है,एक इंजेक्शन, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये, अनिका को पूरी जिंदगी दे सकता है।
इसी उम्मीद को लेकर अनिका अपने पिता के साथ मंगलवार को रतलाम पहुंच रही है, ताकि यहां जनसहयोग से उसकी जिंदगी बचाई जा सके।
मदन सोनी से शुरू हुई मदद की लहर
इस मानवीय लड़ाई में रतलाम के समाजसेवी मदन सोनी सबसे पहले आगे आए। उन्होंने अपनी ओर से 1 लाख रुपये की सहायता देकर यह साबित किया कि जब बात किसी मासूम की जिंदगी की हो, तो कोई भी मदद छोटी नहीं होती। उनका यह कदम अब पूरे शहर के लिए एक आह्वान बन चुका है।
बीमारी में खत्म होगा शरीर
अनिका की बीमारी SMA Type-2 एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें बच्चे की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होती जाती हैं। इलाज न मिले तो यह बीमारी बच्चे को बिस्तर तक सीमित कर देती है। Zolgensma इंजेक्शन अनिका को सामान्य जिंदगी जीने का मौका दे सकता है।
परिवार के पास सिर्फ उम्मीद है
अनिका के माता-पिता के पास इलाज के लिए इतने बड़े खर्च की कोई क्षमता नहीं है। हर गुजरता दिन उनके लिए डर बनकर आता है। अब उनकी आखिरी उम्मीद समाज का सहयोग है।
रतलाम से उठेगी जीवन की आवाज
मंगलवार को जब अनिका रतलाम आएगी, तब वह सिर्फ इलाज की नहीं, हम सबकी इंसानियत की परीक्षा लेकर आएगी।अगर हम आज आगे आए, तो कल एक मासूम फिर से दौड़ सकेगी, हंस सकेगी और जी सकेगी।