लहसुन व्यापारी युवक की संदिग्ध मौत, थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन 

नमली में 24 वर्षीय लहसुन व्यापारी की संदिग्ध मौत के बाद हत्या की आशंका पर थाने के बाहर प्रदर्शन। गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार।जजनों ने थाने का किया घेराव

लहसुन व्यापारी युवक की संदिग्ध मौत, थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन 
namli-lahsun-vyapari-yuvak-sandigdh-maut-pradarshan

नामली@newsmpg।  जिले के नमली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 23-24 वर्षीय युवा लहसुन व्यापारी शुभम उर्फ शिवम राठौड़ की लाश रेलवे ब्रिज के पास गेहूं के खेत किनारे पड़ी मिली। परिजनों ने इसे सीधे-सीधे हत्या करार दिया है, जबकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। दोपहर होते-होते गांव और समाज में आक्रोश भड़क उठा और नामली थाने के बाहर धरना शुरू हो गया।

Click the link to Watch video, subscribe to the channel, Share and comment on the video


जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:40 बजे नामली थाने पर एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि नामली रेलवे ब्रिज के पास खेत किनारे एक युवक की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। थोड़ी देर में एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला और एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मृतक की पहचान शिवम पिता कन्हैयालाल राठौड़ (उम्र 24 वर्ष) निवासी नमली के रूप में हुई। शिवम क्षेत्र में लहसुन के प्रतिष्ठित व्यापारी के रूप में जाना जाता था। उसकी अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने सुबह करीब 11. 30 बजे शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम भेजा जहां पीएम किया गया।

सल्फाज की गंध पर उठे सवाल

इस बीच मृतक के पिता कन्हैयालाल राठौड़ ने आरोप लगाया कि लाश के पास से सल्फाज जैसी जहरीली दवा की गंध आ रही थी, लेकिन गंध मुंह के पास नहीं। गंध कपड़ों में से आ रही थी। उनका कहना है कि जहर खाने वाला तड़पता है, जबकि बेटे के कपड़ों की तह भी पूरी तरह खुली नहीं थी, जिससे उन्हें साजिश की आशंका है। मृतक के चाचा दिलीप राठौड़ और भाई प्रदीप राठौड़ ने भी यही आरोप दोहराए। परिजनों के अनुसार अपने भाई के साथ घर से निकला था। रास्ते में उसने भाई से कहा था कि वह कुछ ही मिनटों में वापस घर आ जाएगा। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

थाने के बाहर बैठे समाजजन, जताया आक्रोश

दोपहर 3 बजे नामली राठौड़ तेली समाज और मृतक के परिजन थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक हत्या की एफआईआर दर्ज नहीं होती और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इस दौरान आरोप लगाया कि गुरुवार रात कुछ लोग घर आए थे और व्यापार में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद और धमकी देकर गए थे। इसी वजह से परिजन इस मौत को हत्या मान रहे हैं। पुलिस अधिकारी लगातार समझाइश देते रहे। परिजनों ने चेतावनी दे दी कि एफआईआर नहीं होने तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस एफआईआर कर, जांच करने की बात कह रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।