स्टेशन रोड थाने पर पदस्थ एएसआई लोकेन्द्र सिंह बेस का साइलेंट अटैक से निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
रतलाम स्टेशन रोड थाने में पदस्थ एएसआई की बीती रात अचानक साइलेंट अटैक से निधन। महकमे में शोक। पुलिसकर्मियों और आम लोगों में बढ़ते हृदयाघात के मामलों को लेकर चिंता बढ़ी।
रतलाम@newsmpg। शहर के स्टेशन रोड थाने में पदस्थ एएसआई लोकेन्द्र सिंह बेस का बीती रात अचानक साइलेंट अटैक से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक और गम का माहौल छा गया। सहकर्मी पुलिसकर्मी और अधिकारी गहरे सदमे में हैं। कई लोग उनके घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं, वहीं कुछ अधिकारी और सहकर्मी अस्पताल भी पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम एवं अन्य विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में लगातार काम का बढ़ता दबाव और लगातार ड्यूटी पर रहने से कई पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। एएसआई बेस की आकस्मिक मृत्यु ने एक बार फिर यह चिंता बढ़ा दी है कि अत्यधिक कार्यभार और तनाव न केवल पुलिस बल के बीच बल्कि आम लोगों में भी हृदयाघात (हार्ट अटैक) की घटनाओं को तेजी से बढ़ा रहा है।