सांसद की गिरफ्तारी की मांग , पिकअप पर हेण्डपम्प और पाइप बांध कर कांग्रेस ने निकाली रैली

सांसद गुमान सिंह डामोर पर 600 करोड़ की धांधली का प्रकरण दर्ज होने पर कांग्रेस ने मंगलवार को उनके खिलाफ शहर में रैली निकाली। रैली में कांग्रेस के झंडे के साथ हैंडपंप भी वाहन पर बांधकर पूरे शहर में घुमाया गया।

रतलाम। सांसद गुमान सिंह डामोर पर 600 करोड़ की धांधली का प्रकरण दर्ज होने पर कांग्रेस ने मंगलवार को उनके खिलाफ शहर में रैली निकाली। रैली में कांग्रेस के झंडे के साथ हैंडपंप भी वाहन पर बांधकर पूरे शहर में घुमाया गया। कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन भी दिया जिसमें सांसद से इस्तीफे की मागं सहित भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे नामली के भाजपा नेता नरेंद्र सोनावा भी गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस ने पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डीपी धाकड़, शहर अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश भरावा, कार्यवाहक जिलाअध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में रैली निकाली। रैली मंडी परिसर से प्रारंभ होकर सैलाना बस स्टैंड, राम मंदिर, सज्जनमिल चौराहा, पॉवर हाउस रोड, दोबत्ती होते हुए कलेकट्रेट पहुंची। रैली में कांग्रेसी भाजपा और सांसद के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर डीजीपी के नाम एक ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में कहा कि आदिवासी क्षेत्र में फ्लोरोसिस नियंत्रण के तहत हैंडपंप लगाने के लिए 600 करोड़ रुपए दिये गए थे। परंतु सारा पैसा गुमान सिंह और साथियों ने डकार लिया। यह आम जनता के साथ बहुत बड़ी नाइंसाफी है। ऐसे में उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही सीबीआई से जांच करवाई जाए। इसके साथ ही ज्ञापन में नामली नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सोनावा की भी गिरफ्तारी करने की मागं की। बताया गया कि उनपर भी करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप है। राजनैतिक दबाव में उसकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। इस दौरान अनोखीलदास, दिलीप जाट, सुखदेव गेहलोत, भगवतीलाल पाटीदार, सुशील नागर आदि मौजूद थे।