नामली में जुटेगा कांग्रेस का महासंगठन, जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी संगठन में फूंकेंगे जान
कांग्रेस के संगठन सृजन के तहत रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 4 और 5 जून को नामली स्थित अर्चला रिसॉर्ट में एक हाईटेक और बेहद अनुशासित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
रतलाम। NEWSMPG @ जिले की राजनीति में आगामी समय की चुनौतियों का सामना करने और सांगठनिक ढांचे को जमीनी स्तर पर अभेद्य बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी तरह कमर कस ली है।
कांग्रेस के संगठन सृजन के तहत रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 4 और 5 जून को नामली स्थित अर्चला रिसॉर्ट में एक हाईटेक और बेहद अनुशासित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने बताया कि इस शिविर में जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष एवं समन्वय समिति के सदस्य तथा चयनित पदाधिकारी अनिवार्य रूप से भाग लेंगे। इस आयोजन के मुख्य सूत्रधार और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी हैं, जिनके कुशल निर्देशन में शिविर की रूपरेखा तय की गई है।
शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी देगी नई धार
कांग्रेस के जिला स्तर के इस प्रशिक्षण शिविर की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से शामिल हो रहे हैं।
माना जा रहा है कि प्रदेश का यह शीर्ष नेतृत्व रतलाम के जमीनी कार्यकतार्ओं को आगामी चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और भाजपा सरकार की विफलताओं व जनमुद्दों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने का मूलमंत्र देगा। मध्य प्रदेश में लगातार मिल रही चुनावी चुनौतियों के बाद, कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर नए सिरे से जान फूंकने की कवायद में है।
प्रशिक्षण शिविर के मुख्य एजेंडे और सत्र
यह शिविर सामान्य राजनीतिक लफ्फाजी से दूर, 'दक्ष और प्रशिक्षित कार्यकर्ता सृजन' की एक सुव्यवस्थित, सुनियोजित और अनुशासित प्रक्रिया होगी। दो दिनों तक चलने वाले इस शिविर मे वैचारिक विमर्श के तहत कांग्रेस की मूल विचारधारा से कार्यकतार्ओं को लैस करना। सांगठनिक संरचना को मजबूत करने के लिए ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर्स को सक्रिय बनाना।'बूथ जीता, चुनाव जीता' के संकल्प पर डिजिटल और जमीनी कार्ययोजना। भाजपा सरकार के खिलाफ जनविरोधी नीतियों को जनता तक ले जाने सहित आधुनिक चुनाव प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चाक-चौबंद व्यवस्थाएं और कड़ा अनुशासन
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आधिकारिक निदेर्शों के अनुसार, इस प्रशिक्षण शिविर को पूरी तरह से अनुशासित' लुक दिया गया है। शिविर में केवल आमंत्रित 150-175 पदाधिकारियों को ही प्रवेश मिलेगा। बाहरी भीड़ या अनापेक्षित संख्या पूरी तरह वर्जित है। बिना आई-कार्ड के किसी का भी प्रवेश नहीं होगा। प्रशिक्षण परिसर के भीतर किसी भी नेता के व्यक्तिगत नारे, बैनर या पोस्टर लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मंच पर केवल महात्मा गांधी का चित्र और सूत की माला होगी। मुख्य हॉल में व कार्यकतार्ओं को उनकी विधानसभा के अनुसार ही बैठाया जाएगा।
---------------