22 जून से लापता मुकेशपुरी गोस्वामी का अब तक नहीं मिला कोई सुराग, टकटकी लगाए राह देख रहा परिवार
रतलाम जिले के पिपलौदा निवासी 48 वर्षीय मुकेशपुरी गोस्वामी 22 जून 2026 से लापता हैं। कई दिनों की तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पिपलौदा थाना या निकटतम पुलिस को सूचित करें।
– एक-एक दिन बन रहा है पहाड़, मां की आंखें नम... पत्नी और बच्चों की उम्मीदें अब भी जिंदा , पुलिस ने जनता से मांगी मदद
पिपलौदा (रतलाम)। 22 जून की सुबह घर से निकले 48 वर्षीय मुकेशपुरी पिता मंगलपुरी गोस्वामी का आज तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गुमशुदगी के कई दिन बीत जाने के बाद भी परिवार अनिश्चितता और चिंता के बीच हर पल उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है। घर का माहौल पूरी तरह बदल चुका है और परिजनों की आंखें हर आहट पर दरवाजे की ओर उठ जाती हैं।
परिजनों के अनुसार, मुकेशपुरी गोस्वामी 22 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। पहले रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित सभी स्थानों पर उनकी तलाश की गई, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो पिपलौदा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, मुकेशपुरी गोस्वामी की उम्र लगभग 48 वर्ष, कद करीब 5 फीट 8 इंच तथा रंग सांवला है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रही है और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर जांच जारी है।
परिवार का कहना है कि हर बीतता दिन उनके लिए किसी पहाड़ से कम नहीं है। मां की आंखें बेटे की राह देखते-देखते नम हैं, जबकि पत्नी और बच्चे अब भी इस उम्मीद में हैं कि मुकेश किसी दिन अचानक घर लौट आएंगे।
आपकी एक सूचना लौटा सकती है किसी परिवार की खुशियां
पुलिस और परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को मुकेशपुरी गोस्वामी के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पिपलौदा थाना को सूचना दें। आपकी एक छोटी-सी जानकारी किसी परिवार को फिर से उसकी खुशियां लौटा सकती है।