रतलाम में लड़की भगाने के विवाद ने लिया खूनी मोड़, पहले पथराव फिर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गंभीर घायल, एसपी ने पंहुचकर परखी मुस्तैदी
रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के जेठाना गांव में लड़की भगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस, मारपीट और पथराव हुआ, जिसे पुलिस ने शांत करा दिया। देर रात लड़की के मामा पक्ष के लोग दोबारा पहुंचे और कथित रूप से फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। एसपी अमित कुमार ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
रतलाम @newsmpg। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जेठाना में लड़की भगाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि लड़की के मामा पक्ष ने दूसरे पक्ष पर बंदूक से फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गांव में भारी तनाव की स्थिति हो गई जिसकी सूचना पर रात में ही भारी पुलिस बल मौके पर पंहुच गया। शुक्रवार सुबह एसपी अमित कुमार भी गांव पंहुचे और फायरिंग स्थल सहित दोनों परिवारों के घरों और आसपास चल रही जांच और हालात का मुआयना भी किया।
खास बात यह है कि घटनाक्रम में पहले बहस के बाद पत्थरबाजी हुई, पुलिस भी पंहुची, और मामला शांत करवाया। बाद में मामा पक्ष पंहुचा और फायरिंग तक हो गई। इसके पहले रात में ही पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यहां से शुरू हुआ विवाद और चले पत्थर
कालूखेड़ा थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने बताया कि बीते गुरुवार को ग्राम जेठाना निवासी अमृतलाल की लड़की किसी लड़के के साथ भाग गई थी। अमृतलाल की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। इसके कुछ समय बाद लड़की पक्ष के लोग लड़के के घर बातचीत करने पहुंचे, लेकिन वहां बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल को अस्पताल भेजा।
मामा परिवार पंहुचा और दाग दी गोलियां
घटना की जानकारी लड़की के मामा को लगी, तो वे देर रात अपने साथियों के साथ लड़के के घर धमक गए और दोबारा विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान मामा पक्ष के लोगों ने तैश में आकर सीधे फायरिंग कर दी। घायल हुए ऋतुराज पिता जगदीश आंजना (33 वर्ष), जगदीश पिता भंवरलाल आंजना (50 वर्ष), विक्रम पिता वजहराम आंजना (40 वर्ष) को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग फायरिंग की आवाज सुनकर वहां इकट्ठा हो गए।
एसपी ने पंहुचकर परखी मुस्तैदी
इधर शुक्रवार सुबह एसपी अमित कुमार भी गांव पंहुचे। यहां उन्होंने सीधे प्रत्यक्षदर्शियों से घटनाक्रम की सारी जानकारी ली। उन्होंने फायरिंग स्थल के साथ ही दोनों के घर, भी देखे। दोबारा स्थिति न बिगड़ सके इसके लिए सभी संभव प्रयास करने के आदेश भी दिए हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस ने एक पक्ष के 8 लोगों और दूसरे पक्ष के 3 व्यक्तियों (कुल 11 लोगों) के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हैं। एसपी ने सभी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।