रतलाम जिले में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का अल्टीमेटम, सुधार नहीं हुआ तो होगा घेराव
जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की है।
रतलाम।@ newsmpgजिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो बिजली कंपनी मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम की ओर से मुख्य कार्यपालन अधीक्षण यंत्री, म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में लंबे समय से दिन और रात में बार-बार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली गुल होने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को आर्थिक नुकसान
कांग्रेस नेताओं ने उपकरण खराब होने और खाद्य सामग्री खराब होने का भी मुद्दा उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार बिजली जाने से उपभोक्ताओं के घरेलू उपकरण भी खराब हो रहे हैं। वहीं किसानों और दुग्ध उत्पादकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दूध, दही, छाछ समेत अन्य खाद्य सामग्री खराब होने से लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
27 मई को पावर हाउस घेराव की चेतावनी
ज्ञापन में कांग्रेस ने अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने की मांग करते हुए कहा है कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने 27 मई को रिंगनोद पावर हाउस के घेराव की घोषणा भी की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि एक सप्ताह में हालात नहीं सुधरे तो मुख्यालय का भी घेराव किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य नेता डीपी धाकड़, राजेश पुरोहित,भगवतीलाल पाटीदार, सहित कांग्रेस नेता मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनता की समस्या को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।