रतलाम जनपद पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए चल रही थी बैठक, भाजपा के पूर्व विधायक ने बिगाड़ा कांग्रेस का खेल 

जिला पंचायत और रतलाम जनपद पंचायत दोनो में भाजपा में गुटबाजी सामने आ रही है। संगठन स्तर से होगा  निराकरण

Feb 27, 2025 - 18:15
Feb 27, 2025 - 19:31
 0
रतलाम जनपद पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए चल रही थी बैठक,  भाजपा के पूर्व विधायक ने बिगाड़ा कांग्रेस का खेल 
Janpad Panchayat Ratlam

रतलाम@newsmpg। जिला पंचायत और रतलाम जनपद पंचायत दोनो में भाजपा में गुटबाजी सामने आ रही है। जनपद पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इसमें भाजपा के कुछ सदस्यों के भी समर्थन देने की सुगबुगाहट है। 
गुरूवार को कांग्रेस के सदस्य  जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अमृत सागर क्षेत्र में एक कांग्रेस नेता के आवास पर एकत्रित हुए थे। इसमें कांग्रेस के 11 सदस्यों सहित भाजपा के भी चार सदस्य पहुंचे थे। सुत्रो के अनुसार इसमें कांग्रेस की तरफ से अध्यक्ष पद के दावेदार रहे बलबहादूर सिंह राठौर उर्फ गुड्डू बना को अध्यक्ष बनाने की चर्चा हुई। समर्थन में कांग्रेस के 11 सदस्यों से सहित भाजपा के संजय जैन, दिनेश पटेल , राधेश्याम चंद्रवशी सहित एक सदस्य पति के भी पहुंचने की चर्चा है। इधर, कांग्रेस के बैठक में पहुंचने वाले बीजेपी समर्थित जनपद सदस्यों को भाजपा द्वारा तलब करने की भी जानकारी आई है। 

पूर्व विधायक ने बिगाड़ा खेल
कांग्रेस एवं भाजपा के सदस्य जब बैठक में व्यस्त थे तभी इसकी भनक पूर्व विधायक दिलीप मकवाना को मिली। उन्होने तत्काल राधेश्याम चन्द्रवंशी से फोन पर चर्चा की। वे स्वयं मौके पर पहुंचे और जनपद सदस्य  लेकर अन्य स्थान पर गए। उसके बाद पूर्व विधायक मकवाना ने करीब आठ भाजपा सदस्यों से बुलाकर चर्चा की। श्री मकवाना ने बताया कि सबसे चर्चा हुई है ,कही कोई दिक्कत नही है। साजिश सफल नही होगी।

 जैन ने कहा पार्टी दफ्तर में हूं, जपं अध्यक्ष ने कहा कोई दिक्कत नही..
कांग्रेस की बैठक में पहुंचने की बात पर संजय जैन ने बताया मै कहीं नही गया हूं। अभी भाजपा कार्यालय में बैठा हूं। श्री जैन ने स्वीकार किया कि अध्यक्ष की कार्यशैली से कई सदस्य नाराज है। जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल ने कहा कांग्रेस झूठ फैला रही है। भाजपा एक विशाल परिवार है और जनपद पंचायत में कहीं कोई असंतोष नही है। कांग्रेस का कोई आधार नहीं बचा है। भाजपा के विकास कार्यो से कांग्रेस बौखला गई है इसलिए झूठ फरेब कर रही है। 

ये है समीकरण
रतलाम जनपद पंचायत में कुल 25 सदस्य है। इसमें कांग्रेस के 11 एवं भाजपा के 14
सदस्य है। इसके पूर्व वर्ष 2022 में जब अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ था तो भाजपा की साधना जायसवाल को 13 एवं कांग्रेस के बलबहादूर सिंह राठौर को 12 वोट मिले थे।
वर्तमान में कांग्रेस यदि अविश्वास प्रस्ताव लाती है तो उसे इसे प्रस्तुत करने के लिए एक तिहाई  9 सदस्यों की आवश्यकता पड़ेगी। प्रस्ताव को पारित करने के लिए दो तिहाई यानि 17 मत चाहिए। 

संगठन स्तर से होगा  निराकरण
इस प्रकार की सूचना मुझे मिली थी , लेकिन अविश्वास प्रस्ताव जैसी कोई बात नही है। कांग्रेस के लोग अनर्गल बाते फैला रहे है। यदि कहीं कोई नाराजगी है भी तो भाजपा के सभी जनपद  सदस्यों की बैठक बुलाकर संगठन स्तर से इसका निराकरण किया जाएगा। 
 प्रदीप उपाध्याय, जिलाध्यक्ष ,भाजपा रतलाम 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow