गांव कुंडाल में एक साथ 167 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
रतलाम जिले के कुंडाल गांव में कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। विधायक मथुरालाल डामर के मार्गदर्शन में हुए इस भव्य आयोजन में नवदंपतियों को उपहार, पौधे और ₹49 हजार की प्रोत्साहन राशि दी गई।
कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह समारोह का भव्य आयोजन
रतलाम @newsmpg जिले के गांव कुंडाल स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में तीन जनपदों के कुल 167 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। पूरा आयोजन रतलाम ग्रामीण विधायक Mathuralal Damar के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
जिस गांव में यह आयोजन हुआ, वह स्वयं विधायक मथुरालाल डामर का ही गांव है। खास बात यह रही कि विधायक पिछले तीन-चार दिनों से खुद व्यवस्थाओं की तैयारियों में जुटे रहे, जिससे आयोजन व्यवस्थित और भव्य रूप में संपन्न हो सका।
विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को दिया विशेष उपहार और आशीर्वाद
समारोह में प्रत्येक नवदंपती को बर्तनों का विशेष सेट भेंट किया गया, साथ ही एक-एक पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वर-वधुओं ने विधायक के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया और इस यादगार पल को अपने जीवन की नई शुरुआत के रूप में संजोया।
प्रोत्साहन राशि के चैक वितरित, 49 हजार रुपए मिलेंगे सीधे खाते में
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को प्रतीकात्मक रूप से प्रोत्साहन राशि के चैक वितरित किए गए। शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत को आर्थिक संबल मिलेगा।
हरियाली का संदेश: हर जोड़े को मिला एक पौधा
समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विधायक मथुरालाल डामर द्वारा प्रत्येक वर-वधू को एक पौधा भेंट किया गया। उन्हें अपने घर-आंगन में पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की समझाइश भी दी गई। इसके साथ ही 7 बर्तनों का सेट विशेष उपहार के रूप में प्रदान किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद, सामूहिक भोजन का आयोजन
इस अवसर पर विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन, भाजपा नेता ईश्वरलाल पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि कैलाश पटेल, रतलाम जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, सैलाना जनपद अध्यक्ष कैलाशी बाई चारेल, जिला पंचायत सदस्य नाथूलाल गामड़, रतलाम जनपद उपाध्यक्ष हितेंद्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि धन्नालाल डामर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में आए मेहमानों और पूरे गांव के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिससे आयोजन में सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश भी देखने को मिला।