फोरलेन पर हादसे में पति की मौत, पत्नी और 3 साल की बच्ची तड़पते सड़क पर, भीड़ करती रही हंगामा! डॉक्टर ओहरी ने निभाया फर्ज! ” Live videos
रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर कांडरवासा फंटे के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी और तीन साल की बच्ची घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। एंबुलेंस और पुलिस की देरी से नाराज भीड़ ने चक्काजाम कर हंगामा किया, लेकिन इसी बीच डॉ. अभय ओहरी ने मानवता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
Mayank chauhan, Namli। रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर कांडरवासा फंटे के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नामली थाना क्षेत्र में हुए हादसे में एक बाइक सवार दंपती और उनकी तीन साल की बच्ची ट्राले की टक्कर का शिकार हो गए।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और एंबुलेंस व पुलिस की देरी को लेकर हंगामा शुरू हो गया। हैरानी की बात है कि इस दौरान घायल सड़क पर ही पड़े रहे। इसी बीच वहां से परिवार के साथ गुजर रहे डॉ ओहरी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई।
Watch video :-घटना का Video देखने के लिए चैनल को subscribe ज़रूर करें।
(घायलों को अस्पताल पहुंचना पहले जरूरी था? या देरी पर लोगो का गुस्सा जायज़ था? वीडियो पर कमेंट करके बताएं।)
https://youtube.com/shorts/P2vqy4_ZUHo?si=uaHODQi7Dkmek25D
रतलाम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पिपलौदा तहसील के आक्यादेह गांव निवासी पवन पिता राधेश्याम उम्र 32 रतलाम आया था। अपनी पत्नी पूजा और तीन साल की बेटी रिया के साथ बुधवार दोपहर बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। कांडरवासा फंटे पर स्पीड ब्रेकर के कारण उन्होंने बाइक की रफ्तार धीमी की। लेकिन तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी।
पवन पर चढ़ा तेज ट्राला
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और ट्राला पवन को रौंदता हुआ आगे निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और उसकी गोद में बच्ची उछल कर दूसरी ओर गिरकर घायल हो गई।
सड़क पर घायल, पास लगा जाम
हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। बताया गया कि एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं पहुंची, जिससे नाराज लोगों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। करीब पौन घंटे तक सड़क जाम रही और विरोध के दौरान गुस्सा बढ़ता गया। लेकिन इस पूरे समय घायल सड़क पर ही पड़े रहे।
पुलिस को घेरा, वाहन के कांच फोड़े
बाद में डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया और गाड़ी के कांच फोड़ दिए। पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी की गई। स्थिति को संभालने के लिए टीआई गायत्री सोनी पहुंची लेकिन लोगों ने घेराव कर लिया। इसके बाद एसडीओपी किशोर पटनवाला बल सहित पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान फोरलेन पर वाहनों की कतारें लग गईं l
डॉ ओहरी निजी वाहन से घायलों को लाए
इसी बीच परिवार के साथ रतलाम की ओर जा रहे डॉ. अभय ओहरी ने रस्ते में हंगामा और घायल देखे तो पास पहुंचे। उन्होंने हालात देख तुरंत अपनी गाड़ी रोकी, अपने साथ मौजूद परिवार को उतारा। ग्रामीणों की मदद से घायलों और मृतक पवन को खुद अपनी कार से रतलाम पहुंचाया।
डॉक्टर ओहरी का यह कदम ऐसे समय में सामने आया, जब मौके पर मौजूद भीड़ विरोध में व्यस्त थी। घटना में घायल पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस दर्ज कर रही प्रकरण
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और हंगामा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।