आखिर रतलाम में पानी गया कहां? आधे शहर में मचा हड़कंप!सड़क पर उतरे लोग!
रतलाम में भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहराया। कई कॉलोनियों में 3 से 4 दिन में एक बार पानी मिल रहा है। पानी नहीं मिलने से लोगों ने फोरलेन और जावरा रोड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। शहर के आधे हिस्से में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं।
फोरलेन और जावरा रोड जाम, टैंकरों के भरोसे शहर; कई कॉलोनियों में 3 से 4 दिन में आ रहा पानी
रतलाम@newsmpg। भीषण गर्मी के बीच रतलाम शहर इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। रविवार को हालात तब बिगड़ गए जब शहर के कई इलाकों में पानी सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं होने से नाराज रहवासियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और अलग-अलग क्षेत्रों में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। अचानक हुए जाम से फोरलेन और जावरा रोड पर यातायात प्रभावित हो गया तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डोसीगांव मल्टी क्षेत्र के रहवासियों ने लंबे समय से पानी नहीं आने की समस्या को लेकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई दिनों से पर्याप्त जल सप्लाई नहीं हो रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहा। गर्मी और पानी की किल्लत से परेशान महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी सड़क पर उतर आए।
वहीं पुराने आरटीओ ऑफिस के बाहर जावरा रोड पर भी लोगों ने पानी संकट को लेकर सड़क जाम कर दी। रहवासियों का कहना था कि न तो नियमित जलप्रदाय हो रहा है और न ही समस्या का कोई स्थायी समाधान किया जा रहा है। रविवार होने के कारण अधिकांश लोग घरों में मौजूद थे और सुबह से पानी नहीं आने पर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। कई कॉलोनियों में टैंकरों की मांग बढ़ गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में लोग निजी स्तर पर पानी खरीदने को मजबूर दिखे।
यह भी पढे :- 18.98 लाख की मशीन खरीदी पर सियासत गरम: विधायक डोडियार के आरोपों पर अध्यक्ष बोले-https://newsmpg.com/mla-kamleshwar-dodiyar-allegations-on-sailana-council-machine-purchase-row
जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर की जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह पाइप लाइन लीकेज, कम दबाव और अनियमित सप्लाई की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बाद भी नगर निगम और संबंधित विभाग कोई प्रभावी समाधान नहीं कर पा रहे हैं।
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस और निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टैंकरों से पानी की व्यवस्था करवाई, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। हालांकि रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
शहर के कई इलाकों में 3 से 4 दिन में आ रहा पानी
रतलाम के कई अन्य क्षेत्रों में भी जल संकट गहराया हुआ है। चिंगीपुरा स्थित शनि मंदिर गली में पिछले तीन दिनों से नल नहीं आने की शिकायत है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक महीने से यही स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा उकाला रोड, शेरानीपुरा, डॉ. देवीसिंह गली, त्रिपोलिया गेट और पटरीपार क्षेत्र के कस्तूरबा नगर, श्रृंगी नगर, मोहन नगर, डोंगरे नगर एवं इंदिरा नगर में तीन से चार दिन में एक बार पानी सप्लाई हो रही है।
रहवासियों का कहना है कि इंद्रलोक, ग्लोबस क्षेत्र, वेदव्यास कॉलोनी सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में जल संकट गहरा गया है। कई इलाकों में पानी कम दबाव से आ रहा है, जबकि कई परिवार निजी टैंकरों और खरीदकर पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं।
यह भी पढे :-मालवा की नदियों में घुलता 'धीमा जहर': NGT के आदेश के बाद भी फाइलों में कैद है शिप्रा और मलेनी का उद्धार https://newsmpg.com/newsmpg.comratlam-shipra-maleni-river-pollution-ngt-order