जेसीबी, बुलडोजर ने तोड़े वर्षो पुराने मकान, दुकान ध्वस्त, सालो बाद ऐसी कार्यवाही

रतलाम में लक्कड़पीठा रोड से पुराने बाजना बस स्टैंड तक बनने वाले 18 मीटर चौड़े फोरलेन मार्ग के लिए नगर निगम ने सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। निगम अमला बुलडोजर और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा और 27 मकानों व दुकानों के आगे के हिस्से हटाए गए। यह सड़क लगभग 600 मीटर लंबाई में बनाई जाएगी, जिस पर करीब 6.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

जेसीबी, बुलडोजर ने तोड़े वर्षो पुराने मकान, दुकान ध्वस्त, सालो बाद ऐसी कार्यवाही
lakadpeetha-road-bajana-bus-stand-encroachment-removal-ratlam


- लक्कड़पीठा रोड से पुराने बाजना बस स्टैंड तक फोरलेन के लिए अतिक्रमण हटा

रतलाम@newsmpg। शहर में लक्कड़पीठा रोड से पुराने बाजना बस स्टैंड तक बनने वाले फोरलेन मार्ग के निर्माण में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। निगम का अमला बुलडोजर, जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे मकानों व दुकानों के आगे के हिस्सों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई शहर के मास्टर प्लान के तहत की जा रही है और पूर्व में सभी प्रभावितों को नोटिस देकर अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए कहा जा चुका था। दरअसल, चांदनी चौक से लगे लक्कड़पीठा रोड को 18 मीटर चौड़ा डामर फोरलेन बनाया जाना प्रस्तावित है, जो पुराने बाजना बस स्टैंड तक लगभग 600 मीटर लंबाई में तैयार होगा। इस सड़क निर्माण पर करीब 6.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा अक्टूबर-नवंबर में कराई गई नपती में इस मार्ग पर स्थित 192 मकानों में 2 से 4 मीटर तक अतिक्रमण पाया गया था। इसके बाद मकान मालिकों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। कई लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि कुछ मामलों में निगम ने कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया था। हालांकि कुछ मकान और दुकानें अभी भी अतिक्रमण की जद में बनी हुई थीं, जिससे सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।

जेसीबी ने तोड़े पक्के निर्माण

हाल ही में महापौर प्रहलाद पटेल ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को शेष अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सोमवार को नगर निगम आयुक्त अनिल भाना दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर व जेसीबी की मदद से कार्रवाई शुरू कराई। अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग पर शेष करीब 27 मकानों और दुकानों के आगे के हिस्से अतिक्रमण में आ रहे हैं, जिन्हें हटाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि दो माह पहले ही सभी प्रभावितों को नोटिस जारी कर दिए गए थे और 9 मार्च तक अतिक्रमण स्वयं हटाने का अंतिम समय दिया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, इसलिए निगम को नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ी। फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ क्षेत्र में जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।