‘पुलिस’ लिखी कार का कहर: एक की मौत के बाद सड़क पर भड़का गुस्सा फोरलेन पर हंगामा, सड़क पर ही अंतिम संस्कार की दी चेतावनी_ watchLive Vidoes
रतलाम के नामली में ‘पुलिस’ लिखी कार की टक्कर से एक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फोरलेन पर प्रदर्शन, सड़क पर अंतिम संस्कार की चेतावनी, प्रशासन पर उठे सवाल।
रतलाम/नामली @newsmpg। रतलाम जिले के नामली क्षेत्र में गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने शुक्रवार सुबह उग्र रूप ले लिया। ‘पुलिस’ लिखी एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के गंभीर घायल होने के बाद गुस्साए लोगों ने फोरलेन पर प्रदर्शन करते हुए हंगामा कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ लोगों ने सड़क किनारे ही चिता जलाकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी तक कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।
वीडियो देखने के लिए लिंक को क्लिक करें, चैनल को करें। वीडियो पर अपनी राय के साथ शेयर करें।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार काले रंग की ‘पुलिस’ लिखी ग्रेन विटारा कार (क्रमांक MP 09 AG 3339) रतलाम से जावरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पलदुना फंटे के पास चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार दो लोगों और एक पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 55 वर्षीय मुकेश पुत्र किशनलाल कुमावत (पैदल), 50 वर्षीय मुकेश पुत्र परमानंद कुमावत (स्कूटी चालक) और 69 वर्षीय मांगीलाल पुत्र भेरूलाल कुमावत गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल रतलाम के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मुकेश कुमावत को इंदौर रेफर किया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उनकी मौत हो गई।
आक्रोश फूटा, प्रशासन पर सवाल
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार सुबह लोगों ने फोरलेन पर बैठकर प्रदर्शन किया और प्रशासन व फोरलेन निर्माण कंपनी के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ‘पुलिस’ लिखी गाड़ियों की आड़ में तेज रफ्तार वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। वहीं, दोषी चालक की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर भी लोगों ने सवाल उठाए।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। यह घटना एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।