बात नहीं होने पर कलेक्टर से नाराज़ जिला पंचायत अध्यक्ष पति समेत धरने पर बैठी: video viral

जिला पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर के बीच विवाद के बाद अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया। 6 घंटे इंतजार और प्रशासनिक असहमति से मचा हड़कंप। जानिए पूरी खबर।

बात नहीं होने पर कलेक्टर से नाराज़ जिला पंचायत अध्यक्ष पति समेत धरने पर बैठी: video viral
Ratlam collector office me dharna

रतलाम। सोमवार को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई अपने पति शंभू लाल चंद्रवंशी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गईं। धरने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी और प्रशासनिक अमले में हड़कंपच गया। करीब एक घंटे बाद अधिकारी पहुंचे और मना कर अध्यक्ष को उठाया। पूरे घटनाक्रम ने बहुत सारे सवाल खड़े कर दिए हैं। 

जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के नहीं मिलने सहित राजस्व के लंबित मामलों को लेकर चर्चा करने आई थी।  हालांकि सूत्रों के अनुसार दिन में मुलाकात हुई थी, जबकि अध्यक्ष के पति ने बताया कि 6 घण्टे का इंतजार करवाया गया। 

देखिये धरने और नाराज़गी पर क्या बोले दोनों पक्ष 

असंवाद पर नाराज़गी

सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष और कलेक्टर के बीच कुछ प्रशासनिक मुद्दों पर असहमति के चलते विवाद की स्थिति बन गई। इसी नाराजगी के चलते लाला बाई रात में ही कलेक्ट्रेट पहुंचीं और अपने पति के साथ धरने पर बैठ गईं। उनके पति ने आरोप लगाया कि वहीं बैठे होने के बावजूद कलेक्टर उनके सामने से बिना रुके चली गई। 

धरने के बाद अधिकारियों में मचा हड़कंप

 इस घटनाक्रम से प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक मान-मनौव्वल का दौर चला। अंततः दोनों को समझाइश दी गई, जिसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने धरना समाप्त कर दिया।

रस्साकशी पर सवाल :

इस पूरे घटनाक्रम की सबसे अहम बात यह है कि जिला पंचायत अध्यक्ष सत्ताधारी भाजपा से जुड़ी हैं। ऐसे में यह मामला केवल एक व्यक्तिगत नाराजगी नहीं, बल्कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद की कमी को भी उजागर करता है। सोशल मीडिया पर कमेंट आने लगे कि जब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों को ही अपनी बात रखने के लिए धरने का सहारा लेना पड़े, तो आम जनता की समस्याओं के समाधान की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मंगलवार को मिलेंगी कलेक्टर

तहसीलदार ऋषभ ठाकुर के अनुसार, अध्यक्ष और उनके पति की अपर कलेक्टर से विस्तृत चर्चा हो चुकी है और कलेक्टर ने उन्हें अगले दिन मिलने का समय भी दे दिया है।